लालगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के भीरा गोविंदपुर गांव में मंगलवार शाम एक घायल सारस पक्षी खेतों में पड़ा मिला। पक्षी के पैरों पर गंभीर चोट के निशान थे और वह उड़ना तो दूर, ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। गांव निवासी बबलू डॉक्टर ने बताया कि खेत के किनारे तड़पते हुए इस पक्षी को देखकर उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों ने पक्षी को देखकर उसकी मदद करने का निर्णय लिया।
उन्होंने जैसे-तैसे सारस को सुरक्षित स्थान पर रखा और पत्तों से ढक कर उसकी जान बचाने की कोशिश की। वहीं सूचना देने के बावजूद अगले दिन शाम तक भी वन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस बीच ग्रामीण अपने स्तर पर पक्षी की देखभाल करते रहे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फॉरेस्टर विजय कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की सूचना मिली है। और वे मौके पर पहुंचकर पक्षी के बेहतर इलाज का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि ग्रामीणों के अनुसार सूचना के बाद भी वन विभाग के कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे।







