लखनऊ, 10 नवम्बर। पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि शहरों की सुविधाएं गांवों तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। लोहिया भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) संस्करण 1 व 2 के प्रसार पर चर्चा हुई।
मंत्री ने बताया कि PAI ग्राम पंचायतों की प्रगति का आईना है, जो सतत विकास लक्ष्यों (LSDGs) पर मापनीय काम सुनिश्चित करता है। पंचायतें अब स्वयं अपना सूचकांक बनाकर पुरस्कार जीत सकेंगी।
कार्यशाला में लखनऊ की धनौरी, बीबीपुर, सरौरा; मुरादाबाद की मिलक अमावती व बरेली की भरतौल पंचायतों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रमुख सचिव अनिल कुमार व निदेशक अमित कुमार सिंह समेत 200 प्रतिभागी उपस्थित रहे। PAI से पारदर्शी शासन व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा।







