रामपुर से शुरू हुई AAP की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा
लखनऊ/रामपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में रविवार को रामपुर की आसरा कॉलोनी से 6 दिवसीय ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। यह पदयात्रा रामपुर से मुरादाबाद और अमरोहा तक जाएगी, जिसमें जनसभाएं और संवाद आयोजित होंगे।
संजय सिंह ने गांधी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर संकल्प लिया और विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी और मुख्य चुनाव आयुक्त मिलकर उत्तर प्रदेश में साढ़े तीन करोड़ वोट काटने की साजिश रच रहे हैं, जिससे गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के वोट छीने जा रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा, “जिस दिन वोट का अधिकार खत्म हो गया, उस दिन सत्ता लाठी के दम पर जनता को कुचल देगी।” उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर का हवाला देते हुए कहा कि वोट की बराबरी पर डाका डाला जा रहा है। मुरादाबाद में BLO सर्वेश सिंह की मौत और देश में 40 से अधिक BLO की आत्महत्या का जिक्र कर दबाव की बात कही। रामपुर की 80 वर्षीय बुजुर्ग नूरजहां पर FIR का उदाहरण देते हुए सरकार की क्रूरता पर सवाल उठाए।
पदयात्रा के पहले दिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और रात्रि विश्राम मुरादाबाद रोड पर हुआ। AAP ने स्पष्ट किया कि वोट और संविधान की रक्षा के लिए यह संघर्ष सड़क से संसद तक जारी रहेगा।







