नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी में चल रहा अंदरुनी कलह रुकने का नाम नहीं ले रहा। आप पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास ने आलाकमान से नाराज शुक्रवार को एक ट्वीट कर न्यूज क्लिप शेयर की। इसमें कुमार ने लिखा कि शुक्रिया, वैसे भी मुझे सरकारों का नहीं, सरोकारों का बुलावा पसंद है। बता दें कि इस क्लिप में उर्दू अकादमी के उपाध्यक्ष माजिर देवबंदी से संबंधित एक खबर लिखी हुई है। इस खबर में माजिर ने सरकार पर आरोप लगाया है कि कुमार विश्वास के खिलाफ बोलने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। माजिर यह भी कहते हैं कि इस कारण से ही अकादमी की पत्रिका में पिछले कुछ महीनों से उनका नाम भी नहीं छप रहा है।
गौरतलब है कि दिल्ली के अलीपुर में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई थी जिसमें कुमार विश्वास के पहुंचने पर अमानतुल्लाह खान के समर्थकों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की थी। इसके जवाब में कुमार के समर्थकों ने भी अमानतुल्लाह खान के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया था। इसके अलावा राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दौरान जब पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने उन्हें मंच पर बोलने के लिए आमंत्रित किया तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया था। बता दें कि कुमार विश्वास ने अमानतुल्लाह को पार्टी से निष्कासित करने के बाद पार्टी की अनुशासन कमेटी ने उन्हें क्लिन चिट देते हुए उनका निलंबन वापस ले लिया था जिसके बाद कुमार विश्वास ने इस मामले पर खुलकर अपना गुस्सा जाहिर किया था।







