संजय सिंह ने SIT को सौंपे पुख्ता दस्तावेज, करोड़ों की आस्था से खिलवाड़ का आरोप
लखनऊ, 25 जून 2026 | आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने गुरुवार को राम मंदिर ट्रस्ट की जमीन खरीद घोटाले के 11 सेट दस्तावेज SIT अध्यक्ष विजय विश्वास पंत को सौंप दिए। करीब आधे घंटे चली बैठक के बाद संजय सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर दी गई आस्था के चंदे से भारी अनियमितताएं की गईं।
करोड़ों की जमीनें कई गुना महंगी खरीदीं
संजय सिंह ने SIT को दिए दस्तावेजों में दावा किया:
- 9 करोड़ मूल्य की जमीन 55.47 करोड़ में खरीदी गई
- 3 करोड़ मूल्य की नजूल भूमि (जो बेची नहीं जा सकती) 24 करोड़ में खरीदी गई
- मात्र 5 मिनट में 2 करोड़ की जमीन 18.5 करोड़ में ट्रस्ट को बेच दी गई
उन्होंने कहा कि इन सौदों में भाजपा नेताओं और उनके रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए भाई-भतीजावाद किया गया।
सबसे चौंकाने वाला सौदा
संजय सिंह ने 18 मार्च 2021 के एक मामले को सबसे संदिग्ध बताया। कुसुम पाठक और हरीश पाठक से रवि मोहन तिवारी व सुल्तान अंसारी ने जमीन 2 करोड़ में खरीदी और पांच मिनट बाद वही जमीन ट्रस्ट को 18.5 करोड़ में बेच दी। दोनों रजिस्ट्री में एक ही गवाह – तत्कालीन भाजपा महापौर ऋषिकेश उपाध्याय और ट्रस्ट सदस्य अनिल कुमार मिश्रा – मौजूद थे।
चांदी, पादुका चोरी पर सवाल
संजय सिंह ने पूछा कि दानपात्र, चांदी, प्रभु श्रीराम की पादुका और अन्य धार्मिक वस्तुओं की चोरी के मामलों में अब तक कोई गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? उन्होंने SIT से निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की। SIT अध्यक्ष ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है।
अयोध्या में AAP का प्रदर्शन
इसी बीच अयोध्या पहुंचे AAP विधायक अनिल झा ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर हिंदुओं की भावनाओं को आहत बताया। महंत राजू दास द्वारा अरविंद केजरीवाल को “कालनेमि” कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए झा ने कहा, “यह संतों का व्यवहार नहीं, रावणतुल्य है।”
अनिल झा ने आरोप लगाया कि SIT “बिना धार का हथियार” है। उन्होंने दावा किया कि इस विवाद के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या और चढ़ावा दोनों घटी हैं।
बता दें कि संजय सिंह ने मीडिया से अपील की कि सभी दस्तावेजों का तथ्यात्मक अध्ययन कर जनता के सामने रखे जाए। फिलहाल अब नजरें SIT की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। यह प्रकरण करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा होने के कारण पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।






