15 जुलाई तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश, जांच तेज
लखनऊ, 1 जुलाई 2026 : अयोध्या के राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में कथित चंदा वसूली और दान चोरी के गंभीर मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिपोर्ट सौंपने के लिए 15 जुलाई तक का समय बढ़ा दिया है।
SIT ने मांगा था अतिरिक्त समय
SIT ने मामले के विभिन्न पहलुओं की गहन छानबीन के लिए मुख्यमंत्री से और समय मांगा था। इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए सीएम योगी ने टीम को 15 जुलाई तक अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
“कोई दोषी नहीं बचेगा”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर SIT गठित करते समय साफ कहा था कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। हर पहलू की गहराई से जांच की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
उधर अयोध्या के राम मंदिर में लाखों रुपये के चढ़ावे और दान की चोरी के मामले में बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया और अपने प्रवचनों में सनसनीखेज बयान देकर मामला और गंभीर बना दिया है।
उन्होंने कहा कि “अभी सिर्फ छोटी मछलियां पकड़ी गई हैं…बड़ी बाकी हैं। ”
शास्त्री जी ने साफ कहा कि पुलिस ने अभी केवल छोटे-मोटे आरोपियों को गिरफ्तार किया है। असली बड़े खिलाड़ी यानी “बड़े मगरमच्छ” अभी भी सुरक्षित हैं और उनके पकड़े जाने की प्रक्रिया बाकी है।
उन्होंने कहा कि “अगर मैंने पर्ची खोली तो मुझे निपटा देंगे”. बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी इशारा किया कि अगर उन्होंने इस घोटाले के पीछे के बड़े चेहरों के नाम खोल दिए (पर्ची खोल दी), तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में लोग उन्हें “निपटा” देने में देर नहीं लगाएंगे।
फिलहाल उनका यह बयान ज़ी न्यूज़, एनडीटीवी, इंडिया न्यूज़ समेत प्रमुख मीडिया चैनलों पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है, जिससे इसकी विश्वसनीयता और बढ़ गई है, अब इस मामले में देखना इंट्रेस्टिंग होगा कि क्या पुलिस उनके बयान को अंडरलाइन करेगी।
अब तक की कार्रवाई
23 जून को SIT के प्रमुख सदस्य और लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने गृह विभाग को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी थी।
रिपोर्ट में की गई सिफारिशों के आधार पर 25 जून को श्री राम जन्मभूमि थाने में ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर पहली FIR दर्ज की गई।
- FIR में 8 नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया।
- सभी 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल यह समय विस्तार SIT को बड़े स्तर पर छानबीन पूरी करने का मौका देगा। मामले की जांच अब और गति पकड़ने वाली है, क्योंकि 15 जुलाई को रिपोर्ट आने के बाद बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।







