‘हर हुनर को सम्मान, हर युवा को रोजगार’ – मंत्री कपिल देव अग्रवाल
लखनऊ, 12 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प ‘हर हाथ को हुनर, हर हुनर को रोजगार’ को साकार करने के लिए विश्व युवा कौशल दिवस पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) ने युवाओं के लिए बड़ा तोहफा तैयार किया है। 13 और 14 जुलाई को पूरे प्रदेश के 74 जिलों में एक साथ वृहद राज्य स्तरीय रोजगार मेले लगाए जाएंगे।
जीरो पॉवर्टी युवाओं और दिव्यांगजनों को मिलेगी विशेष प्राथमिकता
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार ने पिछले 9 वर्षों में कौशल विकास को यूपी की नई पहचान बना दिया है। आईटीआई और स्किल सेंटरों से प्रशिक्षित युवा अब देश-विदेश की नामी कंपनियों में काम कर रहे हैं।
मंत्री अग्रवाल ने बताया, “विश्व युवा कौशल दिवस पर 74 जिलों में रोजगार मेले ‘हर हुनर को सम्मान, हर युवा को रोजगार’ के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। ‘जीरो पॉवर्टी अभियान’ के तहत चिन्हित अत्यंत गरीब परिवारों के युवाओं और दिव्यांगजनों को इन मेलों में प्राथमिकता दी जाएगी।”
पारदर्शिता और सुविधा पर विशेष जोर
मिशन निदेशक पुलकित खरे के अनुसार, मेले का आयोजन जिला मजिस्ट्रेट, मुख्य विकास अधिकारी और कौशल विकास मिशन की टीम के समन्वय से किया जाएगा। इच्छुक युवा अपने जिले के आईटीआई से मेले की जानकारी ले सकते हैं।
- UPSDM, DDU-GKY और प्रोजेक्ट प्रवीण के साथ-साथ सामान्य शिक्षा प्राप्त युवा भी भाग ले सकेंगे।
- दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, सुगम आवागमन और अन्य सुविधाएं अनिवार्य।
- पंजीकरण के लिए QR कोड व्यवस्था, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी।
- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और नोडल अधिकारियों की तैनाती।
मेले के बाद हर जिले को चयनित युवाओं की रिपोर्ट मिशन मुख्यालय भेजनी होगी।
यह बड़ा आयोजन न केवल युवाओं को रोजगार से जोड़ेगा, बल्कि योगी सरकार के ‘जीरो पॉवर्टी’ और कौशल यूपी के विजन को भी मजबूती देगा।







