फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर हुई घटना, पुलिस अलर्ट
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर घर लौट रहे हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 32 वर्षीय अरुण सिंह को उनकी पत्नी और बच्चे के सामने अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना कैसे हुई?
अरुण सिंह अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ कार से वापस फरीदाबाद लौट रहे थे। पांचाल घाट स्थित पंकज किराना स्टोर के पास कार रोककर वे चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और पानी खरीद रहे थे। जैसे ही उन्होंने सामान पत्नी को दिया, सफेद कार से आए दो अज्ञात युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सिर और कंधे में लगने से अरुण मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की तेज कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और मामले के खुलासे के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं।
एसपी आरती सिंह ने बताया, “परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करेंगे।”
फ़िलहाल पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जांच तेज गति से चल रही है। हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। बता दें कि यह घटना हाईवे की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर रही है।







