मुंबई: फिल्मी दुनिया में ग्लैमर और प्रमोशन्स की भीड़ में अदा शर्मा ने एक बार फिर इंसानियत से सबका दिल जीत लिया। लखनऊ के एक कार्यक्रम में बधिर प्रशंसक से सांकेतिक भाषा में बात करके अभिनेत्री ने सबको भावुक कर दिया। यह प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फैन का खास तोहफा और अदा का अनोखा जवाब
कार्यक्रम के दौरान एक बधिर फैन ने अदा शर्मा को अपनी बनाई खूबसूरत पेंटिंग भेंट की। अदा इस तोहफे से इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने सिर्फ “थैंक यू” कहकर बात खत्म नहीं की। बल्कि उन्होंने सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) में फैन से बातचीत की और उसे बेहद खास महसूस कराया।
यह देखकर लोग भावुक हो गए। नेटिजन्स अदा की संवेदनशीलता, सादगी और फैंस के प्रति सच्चे लगाव की भरपूर तारीफ कर रहे हैं।
अदा की फिल्मी सफर और आने वाला धमाका
‘द केरल स्टोरी’, ‘कमांडो’, ‘1920’ और ‘सनफ्लावर 2’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय कर अपनी अलग पहचान बना चुकी अदा शर्मा अब जल्द ही फिल्म सुपरवेल्ली में “आलसी सुपरहीरो” के अनोखे अवतार में नजर आएंगी। इस भूमिका को लेकर फैंस में पहले से ही भारी उत्साह है।
अदा शर्मा एक बार फिर साबित कर दिया कि सितारे सिर्फ स्क्रीन पर नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी लोगों के दिलों पर राज कर सकते हैं।







