मुंबई 03 जनवरी-2018 । सितारों को लेकर अकसर कुछ न कुछ ऐसा सुनने को मिल ही जाता है, जिस पर यकीन करना बेहद मुश्किल हो। कुछ ऐसी ही खबर ऐश्वर्या राय को लेकर सामने आ रही है, जहां एक लड़का खुद को उनका बेटा बता रहा है।
दक्षिण के एक लड़के का दावा है कि ऐश्वर्या उनकी मां हैं। आंध्र-प्रदेश के रहने वाले एक लड़के ने दावा किया है कि ऐश्वर्या उसकी मां हैं। विशाखापट्नम के रहने वाले संगीत कुमार का कहना है कि उनका जन्म लंदन में आईवीएफ तकनीक के जरिए हुआ था और दो साल तक ऐश्वर्या की मां वृन्दा राय और पिता कृष्णराज राय ने उन्हें पाला है। 29 साल के संगीत का कहना है कि उसके पिता एदिवेलु रेड्डी उसे विशाखापट्नम ले आए और तब से वह वहीं रह रहा है।
वह यहां तक कह रहे हैं कि 27 साल से वह अलग रह रहे हैं, लेकिन अब अपनी मां ऐश्वर्या के साथ रहना चाहते हैं। इस शख्स के पास अपने दावे को साबित करने के लिए कोई दस्तावेज नहीं है। उनका कहना है कि उनके रिश्तेदारों ने सारे दस्तावेज तहस-नहस कर दिए। संगीत ने यह भी दावा किया है कि ऐश्वर्या अकेले रह रही हैं, क्योंकि वह अभिषेक बच्चन से अलग हो गई हैं।







