‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ में विजय सालगांवकर की कहानी और राजवीर सिंह तोमर की जांच के बीच होगा दिलचस्प टकराव
मुंबई। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी अपने अंतिम अध्याय ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ के साथ एक बार फिर सस्पेंस और रोमांच लेकर लौट रही है। फिल्म में अजय देवगन विजय सालगांवकर के चर्चित किरदार में नजर आएंगे, जबकि जयदीप अहलावत अपराध शाखा के अधिकारी राजवीर सिंह तोमर की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म की कहानी विजय की बनाई रणनीति और राजवीर की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश के इर्द-गिर्द आगे बढ़ेगी। ऐसे में दोनों किरदारों के बीच होने वाला टकराव फिल्म का अहम आकर्षण माना जा रहा है।
जयदीप अहलावत के लिए यह प्रोजेक्ट खास है, क्योंकि वह लंबे समय बाद अजय देवगन के साथ स्क्रीन साझा कर रहे हैं। दोनों इससे पहले ‘आक्रोश’ में साथ काम कर चुके हैं। अपने इस सफर को याद करते हुए जयदीप ने कहा कि वह इसे सिर्फ वर्षों के अंतर के तौर पर नहीं देखते, बल्कि ‘आक्रोश’ के समय के अपने व्यक्तित्व और आज के अपने सफर के बीच का अंतर मानते हैं।
उन्होंने अजय देवगन के संयमित अभिनय और किरदार व दृश्य पर भरोसा रखने के अंदाज की भी तारीफ की।
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






