लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गृहनगर सैफई में भगवान श्रीकृष्ण की 50 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का निर्माण कराया है। इस प्रतिमा पर पिछले छह माह से गुपचुप काम किया जा रहा था। यादव बहुल इलाके में श्रीकृष्ण की प्रतिमा का निर्माण उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पहल पर किया गया है। इस प्रतिमा का निर्माण ऐसे समय किया गया है जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में भगवान श्रीराम की विशालकाय प्रतिमा स्थापित करने की कोशिशों में जुटे हैं।
भगवान श्रीकृष्ण यह प्रतिमा बनकर तैयार है।
माना जाता है कि अखिलेश यादव सन 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले लालू यादव समेत अन्य विपक्षी नेताओं की मौजूदगी में इसका अनावरण करेंगे। प्रतिमा पिछले छह माह से बेहद गोपनीय तरीके से बनाई जा रही थी। प्रतिमा निर्माण के लिए धन सैफई महोत्सव आयोजित करने वाली सैफई महोत्सव कमेटी ने दिया है। कमेटी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव हैं और अखिलेश यादव सदस्य हैं। माना जा रहा है कि प्रतिमा स्थापना के पीछे उनका उद्देश्य यादव मतदाताओं को एकजुट करना है। सन 2019 के लोकसभा चुनावी समर से पहले अखिलेश का इस विषय वस्तु पर मूर्ति बनवाना उनके इरादों का स्पष्ट संकेत है। हाल ही में योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में सौ मीटर ऊंची भगवान श्रीराम की मूर्ति लगवाने का प्रस्ताव राज्यपाल राम नाईक को सौंपा है।






