उर्दू अकादमी प्रेक्षागृह में हुआ समारोह; पद्मश्री डॉ. विद्या विन्दु सिंह सहित कला-साहित्य जगत की विभूतियों ने सराहा प्रयास
लखनऊ: पारंपरिक विवाह संस्कारों और विलुप्त होते लोकगीतों को सहेजने के उद्देश्य से लेखिका अनिता श्रीवास्तव द्वारा रचित पुस्तक ‘धरोहर’ का भव्य विमोचन गोमतीनगर स्थित उर्दू अकादमी प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। रश्मि चौधरी के कुशल संचालन में आयोजित इस समारोह का आगाज कृतिकार अनिता श्रीवास्तव के मधुर ‘सुगना गीत’ की प्रस्तुति के साथ हुआ।
पुस्तक की विशेषताएं:
लेखिका ने बताया कि ‘धरोहर’ में विवाह के अवसर पर निभाई जाने वाली तमाम वैदिक और पारंपरिक रस्मों की विस्तृत जानकारी के साथ-साथ उन रस्मों से जुड़े 472 पारंपरिक अवधी और भोजपुरी लोकगीतों को संकलित किया गया है।
मुख्य वक्ता मनोरमा लाल ने कृति की प्रशंसा करते हुए कहा कि लेखिका ने दादी, नानी और मां की पीढ़ी से मिले शादी-ब्याह के संस्कारों व गीतों को बेहद मेहनत और प्रामाणिकता के साथ सहेजा है।
विशिष्ट अतिथियों ने बताया सांस्कृतिक विरासत
- समारोह की अध्यक्षता कर रहीं पद्मश्री डॉ. विद्या विन्दु सिंह ने इस कृति को अपनी सांस्कृतिक विरासत बचाने और नई पीढ़ी को जड़ों व संस्कारों से जोड़ने का एक श्रमसाध्य प्रयास बताया।
- मुख्य अतिथि और उ.प्र. संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष डॉ. जयंत खोत ने पुस्तक को अत्यंत उपयोगी बताया, वहीं अकादमी की पूर्व अध्यक्ष व प्रख्यात कथक नृत्यांगना डॉ. पूर्णिमा पांडे ने कहा कि लेखिका ने लुप्तप्राय हो रही इस गूढ़ परंपरा को पुनर्जीवित करने का सराहनीय कार्य किया है।
इस गरिमामयी अवसर पर पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. दयानंद लाल व दिवाकर त्रिपाठी, उमा त्रिगुणायत, पद्मा गिडवानी और डॉ. नरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में साहित्य एवं लोक संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।







