मुंबई: डिजिटल दुनिया के खतरे और अकेलेपन की कहानी को थ्रिलर के रंग में पिरोकर पेश की गई नई फिल्म ‘डिलीवरी बॉय: पिज़्ज़ा ऑन टाइम’ अब OTT पर धूम मचा रही है। मुग्धा गोडसे और मान सिंह की मुख्य भूमिका वाली यह मिस्ट्री-थ्रिलर एक छोटी-सी घटना से शुरू होकर अंत तक दर्शक को बाँधे रखने का कमाल करती है जहाँ हर चेहरा, हर मैसेज और हर दस्तक पर शक की परतें चढ़ती चली जाती हैं।
कहानी की केंद्र में हैं रिया (एडिन रोज़), जिनका पति काम के सिलसिले में बाहर है। अकेलेपन से तंग आकर वह ऑनलाइन किसी अनजान से चैट करना शुरू करती है। सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन अचानक दरवाजे पर एक डिलीवरी बॉय खड़ा हो जाता है एक पिज़्ज़ा लेकर, जो रिया ने कभी ऑर्डर ही नहीं किया था। यहीं से डर की शुरुआत होती है। ऑनलाइन वाला अजनबी उसकी जिंदगी की ऐसी-ऐसी बातें जानने लगता है जो सिर्फ़ करीबी ही जान सकते हैं, और डिलीवरी बॉय बार-बार जोर देता है कि पिज़्ज़ा ले लो।

कौन है असली खतरा? ऑनलाइन चैट करने वाला, डिलीवरी वाला लड़का, या कोई और? फिल्म इसी सवाल को घुमाते हुए आगे बढ़ती है। मुग्धा गोडसे ने रिया के किरदार में भय, संदेह और मानसिक उथल-पुथल को इतनी बारीकी से उतारा है कि दर्शक खुद उसकी जगह पर महसूस करने लगते हैं। मान सिंह, जो फिल्म के निर्देशक, निर्माता और कहानीकार भी हैं, अपनी परफॉर्मेंस से सस्पेंस को और गहरा बनाते हैं।
मनाली, महाबलेश्वर और उत्तर प्रदेश की मनमोहक लोकेशन्स फिल्म को विजुअल अपील भी देते हैं, जबकि कहानी पूरी तरह आज के डिजिटल युग की है जहाँ एक क्लिक या एक मैसेज कितना बड़ा खतरा बन सकता है। मजबूत स्क्रिप्ट, टाइट एडिटिंग और क्लाइमैक्स तक बने रहने वाले ट्विस्ट्स इसे एक ऐसी थ्रिलर बनाते हैं जो देखने के बाद सोचने पर मजबूर कर देती है।
अगर आपको सस्पेंस, मनोवैज्ञानिक थ्रिल और डिजिटल डर की कहानियाँ पसंद हैं, तो ‘डिलीवरी बॉय: पिज़्ज़ा ऑन टाइम’ (ShemarooMe पर उपलब्ध) जरूर देखें एक पिज़्ज़ा ने कभी इतना डरावना नहीं लगता था!






