एक्सीलिया स्कूल में ‘नवरस’
एक्सीलिया स्कूल में आज शनिवार को ‘नवरस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जीवन के विविध भावों को नौनिहालों ने बेहद खूबसूरती से मंच पर उतारा। इन भावों में और रंग बिखेर गए बॉलीवुड के प्रतिभाशाली कलाकार अतुल श्रीवास्तव। वार्षिकोत्सव के मुख्य अतिथि अतुल श्रीवास्तव ने इस दौरान थियेटर से लेकर बॉलीवुड तक के सफर की अपनी दास्तां भी लोगों से साझा की।
उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वह अपने बच्चों के हुनर को पहचाने और उन्हें सही रास्ता दिखाएँ। उन्होंने कहा कि बच्चों को सिर्फ पढ़ाएं नहीं, गुणी बनाएं। बच्चों को उनके रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने एक्सीलिया के बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहा। बच्चों ने इस दौरान मंच पर एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नाटक हो या नृत्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को अभिभूत कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि मयंक रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान स्कूल के चेयरमैन डीएस पाठक, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती मंजू पाठक, निदेशक आशीष पाठक और प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिया वर्धन ने मुख्य अतिथि अतुल श्रीवास्तव और उनकी पत्नी श्रीमती सुचित्रा श्रीवास्तव व कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि व युवा महोत्सव के संयोजक और उनकी पत्नी को स्मृति चिह्न प्रदान किये और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।







