कहा, सीमापार से जम्मू-कश्मीर में हिंसा भड़काने की कोशिश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को हर कश्मीरी को गले लगाने और घाटी में फिर से नया स्वर्ग बनाने का आह्वान किया। महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हिंसा भड़काने के लिए सीमा पार से बहुत कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हमें फिर से (कश्मीर में) नया स्वर्ग बनाना है। हर कश्मीरी को गले लगाएं। मोदी ने कहा कि अनुच्छेद 370 के तहत प्रावधानों को हटाने का फैसला भारत की एकता का फैसला था। उन्होंने कहा कि यह फैसला जम्मू कश्मीर के लोगों की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने का जरिया बनने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में अशांति, अविास और ¨हसा भड़काने के लिए सीमा पार से काफी कोशिशें की जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर में युवाओं, माताओं और बहनों ने हिंसा के लंबे दौर से बाहर निकलने का मन बना लिया है। वे विकास और नौकरी के नए अवसर चाहते हैं। मोदी ने कहा कि हमने वादा किया था कि हम जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख में दिक्कतें खत्म करने के लिए नई कोशिशें करेंगे। आज मैं संतोष के साथ कह सकता हूं कि देश ने उन सपनों को साकार करने की ओर कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है।
370 हटाने का फैसला भारत की एकता का फैसला था:
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में पूर्ण रूप से संविधान लागू करना केवल सरकार का फैसला नहीं है, बल्कि यह 130 करोड़ भारतीयों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख के लोगों को हिंसा, आतंकवाद, अलगाववाद और भ्रष्टाचार से बाहर निकालने के लिए लिया गया।







