बरेली 16 सितम्बर। एटीएम से भोजन! बात हैरान कर सकती है पर सच है। लखनऊ के बाद अब बरेली में भी जरूरतमंदों के लिए ताजा भोजन एटीएम के जरिए मुहैया कराने के विचार पर JIC बरेली मैग्नेट सिटी ने काम शुरू कर दिया है। उनकी ओर से सुबह नौ बजे से रात 11 बजे तक जरूरतमंदों को ताजा भोजन प्रदान किया जा रहा है।
JIC बरेली मैग्नेट सिटी की ओर से 9 से 16 सितंबर के बीच जेसीआइ सप्ताह मनाया जाता है। इस बार इस आयोजन के दौरान अनोखा प्रयोग किया गया। जिसकी रूपरेखा क्लब के सदस्य भरत अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, उदित गोयल और निखिल अग्रवाल ने बनाई। क्लब के दूसरे सदस्यों से परामर्श के बाद उन्होंने ऐसे एटीएम को लगाने का फैसला किया जिससे जरूरतमंद लोगों को ताजा भोजन बिना किसी मूल्य पर प्रदान किया जा सके।
एटीएम रूपी इस रेफ्रिजरेटर को प्रभातनगर में पिज्जा वर्ल्ड के पास लगाया गया है। जिसका उद्घाटन कमिश्नर डा.पीवी जगनमोहन ने किया। उन्होंने इस अनोखे कांसेप्ट की तारीफ की और सभी के प्रयास को सराहा। क्लब के निखिल अग्रवाल और राहुल खंडेलवाल के अनुसार अभी इस एटीएम में क्लब के सदस्यों द्वारा लाया गया भोजन रखा जा रहा है।
हां इसके लिए शहर के सभी होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग करने वालों से संपर्क किया गया है और उनसे अपने यहां अतिरिक्त व बचे हुए भोजन को हमें प्रदान करने की अपील की गई है। जिससे उसे एटीएम के जरिए जरूरतमंद लोगों को प्रदान किया जा सके। यहां से सुबह 9 बजे से रात 11 बजे भोजन रखा भी जा सकता है और और हासिल भी किया जा सकता है।
निखिल के अनुसार पैक्ड और साफ कंटेनर या बैग में रखे सिर्फ शाकाहारी भोजन को ही रेफ्रिजरेटर में रखने के लिए स्वीकार किया जाता है। रेफ्रिजरेटर के संचालन की जिम्मेदारी क्लब के सदस्य राघव अग्रवाल के सुपुर्द की गई है।
यहां रखे भोजन की भी दिन में दो बार जांच की जाती है और खराब हुए भोजन को हटा दिया जाता है। यहां मौजूद सुरक्षाकर्मी जरूरतमंद लोगों को भोजन प्रदान करते हैं। निखिल के अनुसार शहर के लिए यह अनोखी है और लोग इसे हाथों हाथ ले रहे हैं।







