पटना, 22 जून। बिहार को विशेष राज्य का दर्जे की मांग को लेकर जन अधिकार पार्टी (लो) 25 जून से राज्य के सभी जिलों में हस्ताक्षर अभियान चलायेगी। इसकी शुरूआत पटना में पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक सह सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव करेंगे। ये जानकारी आज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने बिहार को विशेष राज्य दर्जा देने की मांग को लेकर जाप(लो) के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
श्री सिंह ने बताया कि 25 जून से यह हस्ताक्षर अभियान बिहार के सभी जिलों में चलाये जायेंगे। इस दौरान पार्टी 25 लाख बिहारवासियों से हस्ताक्षर करवायेगी। इसके बाद इन हस्ताक्षर युक्त पत्र को महामहिम राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद को भेजा जायेगा। हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत 25 जून को राजधानी पटना में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जायेगा। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक पप्पू यादव भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा हर बिहारी का हक है और इसे हम लेकर ही रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 30 जून को प्रदेश कार्यकारिणी, राज्य प्रकोष्ठ व जिला अध्यक्ष की संयुक्त बैठक भी करेंगे, जिसमें बिहार को विशेष राज्य दर्जा व अन्य मुद्दों पर पार्टी की रणनीति तय की जायेगी। साथ ही 7 जुलाई को विशेष राज्य का दर्जा, छात्रों के भविष्य और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बिहार बंद करेंगे।







