मुंबई, 11 जून 2025: मुंबई 14 जून को “बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन 2025” के साथ बिहारी अस्मिता का नगाड़ा बजेगा। दहिसर के लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में शुभसीता फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस भव्य सम्मेलन में देशभर से प्रवासी बिहारी एकजुट होंगे। यह आयोजन बिहारियों के सम्मान, एकता और राज्य के भविष्य पर मंथन का मंच बनेगा।
शुभसीता फाउंडेशन की संस्थापक मनोरमा झा ने इसे बिहारी आत्मसम्मान का जनआंदोलन बताया। सम्मेलन में शिवसेना नेता संजय निरुपम, RJD की ऋतु जयसवाल, भाजपा के आचार्य पवन त्रिपाठी, जन सुराज के मनोज भारती, और श्वेता शालिनी जैसे दिग्गज शामिल होंगे। पद्म भूषण गायक उदित नारायण का वीडियो संदेश और लोकगायिका कल्पना पटोवरी का लाइव प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र होगा।
बिहारी लोक गीत, नृत्य, नाट्य और लिट्टी-चोखा जैसे व्यंजन सांस्कृतिक रंग जोड़ेंगे। रोहन झा ने कहा, “यह सम्मेलन प्रवासी बिहारियों को उनकी जड़ों से जोड़ेगा और गौरव का एहसास कराएगा।” यह आयोजन न सिर्फ एक कार्यक्रम, बल्कि बिहारी सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।







