डॉ दिलीप अग्निहोत्री
करीब आधा कार्यकाल पूरा होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। इसमें उन्होंने सरकार की छवि के साथ ही संतुलन पर भी ध्यान दिया है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्य मंत्रियों को प्रमोशन मिला, इसके विपरीत शपथ ग्रहण की पूर्वसंध्या पर कुछ मंत्रियों को त्यागपत्र भी देना पड़ा। इसमें स्वतंत्रदेव सिंह का प्रकरण अलग था। वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाये गए है। इस कारण वह सरकार से अलग हुए है। किंतु जिन अन्य मंत्रियों ने त्यागपत्र दिया, उनके विषय में अनेक चर्चाएं चला करती थी। ये चर्चाएं सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली थी। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक जिस छवि को लेकर बहुत सजग रहते है,उस पर मंत्रियों से भी अमल की अपेक्षा रहती है। एक दो अन्य मंत्रियों को लेकर भी चर्चा थी, लेकिन इस फेरबदल में उन्हें राहत मिल गई।


राजभवन उत्तर प्रदेश में आज प्रदेश मंत्रिमण्डल का विस्तार किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गांधी सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में छह मंत्रियों छह राज्यमंत्रियों स्वतंत्र प्रभार और ग्यारह राज्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य एवं डाॅ दिनेश शर्मा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री आशुतोष टण्डन सहित मंत्रिमण्डल के अन्य सदस्यगण, मुख्य सचिव अनूप चन्द्र पाण्डेय, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश अवस्थी, पुलिस महानिदेशक श्री ओपी सिंह व अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण उपस्थित थे।
राज्यपाल ने डाॅ महेन्द्र सिंह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, सुरेश राणा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार भूपेन्द्र सिंह चौधरी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अनिल राजभर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, राम नरेश अग्निहोत्री एवं श्रीमती कमला रानी वरूण को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
महेंद्र सिंह, सुरेश राणा ने अपने दायित्व का कुशलता पूर्वक निर्वाह किया। उन्हें इसका ईनाम मिला। सुहेलदेव पार्टी के ओम प्रकाश राजभर को कुछ समय पहले सरकार से हटाया गया था। यह माना जा रहा है कि अनिल राजभर बेहतर कार्य के द्वारा भाजपा के ग्राफ को बढ़ाने में योगदान करेंगे। राज्यपाल द्वारा डाॅ नीलकंठ तिवारी राज्यमंत्री, कपिलदेव अग्रवाल, सतीश द्विवेदी, अशोक कटारिया,श्रीराम चौहान, रविन्द्र जायसवाल को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पद की शपथ दिलायी गयी। राज्यपाल ने राज्यमंत्री के रूप में अनिल शर्मा, महेश गुप्ता, आनन्द स्वरूप शुक्ला, विजय कश्यप, डाॅ गिर्राज सिंह धर्मेश, लाखन सिंह राजपूत, नीलिमा कटियार,चैधरी उदयभान सिंह, चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, रमाशंकर सिंह पटेल एवं अजीत सिंह पाल को शपथ दिलायी। इस विस्तार में कार्यकुशलता और समीकरण का भी ध्यान रखा गया।
प्रेमलता कटियार कभी भाजपा में पिछड़े वर्ग की चेहरा हुआ करती थी। वह कल्याण सिंह की सहयोगी व कैबिनेट मंत्री भी रहीं। इस विस्तार में उनकी पुत्री को जगह मिली है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सुरेश राणा का प्रमोशन हुआ। इसी प्रकार प्रदेश के अन्य हिस्सों के भी यथासंभव ध्यान रखा गया है।कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव डॉ अनूप चन्द्र पाण्डेय द्वारा किया गया।