101 करोड़ रुपये मांगा हर्जाना
नई दिल्ली, 05 जून। अभिनेता रजनीकांत की फिल्म ‘काला’ रिलीज से पहले ही विवादों में फंस गयी है। इस फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ मुंबई के एक व्यक्ति ने मानहानि की शिकायत की है। जवाहर नडार नाम के इस व्यक्ति ने दावा किया है कि फिल्म में रजनीकांत जिस किरदार को निभा रहे हैं वह असल जिंदगी में मेरे पिता थिरावियम नडार ही हैं। जवाहर का यह भी आरोप है फिल्म में उनके पिता के किरदार को नकारात्मक तरीके से दिखाया जा रहा है।
इसी बात को लेकर उन्होंने अपने वकील के जरिए मानहानि की शिकायत की है। तीन पन्ने की शिकायत में उन्होंने काला के निर्माताओं से लिखित माफी मांगने के साथ ही 101 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग भी की है। 7 जून को रिलीज होने जा रही काला फिल्म में रजनीकांत एक गैंगस्टर का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज से पहले ही इसे लेकर कई विवाद सामने आ रहे हैं।
इससे पहले कावेरी विवाद में रजनीकांत के बयान के बाद कर्नाटक में उनकी फिल्म को प्रतिबंधित कर दिया गया था। रजनीकांत ने कहा था, कावेरी नदी से तमिलनाडु को मिलने वाले पानी की मात्रा को कम करने का का आदेश निराशाजनक है। राज्य सरकार को समीक्षा याचिका दायर करनी चाहिए। इससे नाराज कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स ने राज्य में फिल्म को प्रतिबंधित कर दिया। 10 समूहों ने कन्नड़ फिल्म परिषद से इस फिल्म को प्रतिबंधित करने की मांग भी की, क्योंकि वे कावेरी मामले में रजनीकांत के बयानों से असंतुष्ट थे। रजनीकांत की फिल्म काला को उनके दामाद धनुष, प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में हुमा कुरैशी और नाना पाटेकर भी अहम किरदारों में हैं।







