कपिल के वकील ने की पुष्टि
नई दिल्ली,03 मई। अभिनेता-कॉमेडियन कपिल शर्मा ने बुधवार को एक न्यूज पोर्टल और उसके पत्रकार विक्की लालवानी को उनके खिलाफ अपमानजनक लेखों व उनके चरित्र हनन के लिए कानूनी नोटिस भेजा है। इस नोटिस में कपिल शर्मा ने नोटिस प्राप्त करने के सात दिन के भीतर सार्वजनिक तौर पर बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने पब्िलकेशन से ‘अपने खिलाफ अपमानजनक, निंदात्मक बयानों, खबरों, साक्षात्कारों का प्रसारण न करने’ का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रकाशन से मीडिया के सभी मंचों से सभी अपमानजनक लेखों/प्रकाशन सामग्री को तत्काल हटाने को कहा है। उन्होंने छवि खराब करने के लिए 100 करोड़ हर्जाना भी मांगा है।
कपिल के वकील तनवीर निजाम ने कानूनी नोटिस दिए जाने की पुष्टि की और कहा,एक न्यूज पोर्टल एडिटर विक्की लालवानी पर लिखे लेखों में जानबूझकर मेरे मुवक्किल को बदनाम किया गया,हम सात दिनों के भीतर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के लिए कानूनी नोटिस भेजा है। ऐसा नहीं होने पर हम दोनों (संस्थान व पत्रकार) के खिलाफ दीवानी व आपराधिक प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।
यह विवाद बीते महीने तब शुरू हुआ जब कपिल द्वारा लालवानी को गाली दिए जाने के एक ऑडियों कॉल को सार्वजनिक किया गया। नोटिस में कहा गया कि कपिल झूठे व ओछे, अपमानजनक निजी जानकारी’ वाले लेखों से दुखी हैं। नोटिस के मुताबिक, ये लेख प्रशंसकों,उद्योग और दर्शकों की नजर में कपिल की छवि को खराब करने के लिए लालवानी और हास्य कलाकार की पूर्व मैनेजर/सहयोगी नीति और प्रीति सिमोज की मिलीभगत का नतीजा है।







