मुंबई, 12 मार्च। अभिनेता इरफान की रहस्यमय बीमारी को लेकर संशय बना हुआ है। उनकी बीमारी को लेकर मीडिया में चर्चा थी कि मुंबई के कोकिला अस्पताल में वे इलाज करा रहे हैं, लेकिन अस्पताल की ओर से इरफान के भर्ती होने की खबर का खंडन करने के बाद रहस्यमय बीमारी का रहस्य और बढ़ गया है।
इरफान की मीडिया टीम का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह में स्थिति साफ हो जाएगी और इरफान इस बारे में खुद बयान देंगे। इरफान की मीडिया टीम ने अटकलों पर ध्यान न देने की अपील की। मीडिया टीम का कहना है कि इरफान ने खुद आगे आकर अपनी बीमारी को लेकर पोस्ट किया है और ये भी बताया है कि उनकी मेडिकल जांच की रिपोर्टस आना बाकी हैं। एक बार रिपोर्टस आने के बाद ही सही स्थिति का पता चल पाएगा।
मीडिया टीम के इतर माना जाए, तो इरफान के करीबी भी यहां तक तो मान रहे हैं कि कुछ प्राब्लम है, लेकिन वे ऐसा कुछ नहीं मान रहे हैं, जिससे इरफान की जिंदगी को कोई खतरा हो।







