लखनऊ, 7 सितम्बर। राणाप्रताप मार्ग मोतीमहल वाटिका लान लखनऊ में वर्ष 2003 से निरंतर होता आ रहा पन्द्रहवां राष्ट्रीय पुस्तक मेला 8 सितम्बर से 17 सितम्बर तक चलेगा। दि फेडरेशन आफ पब्लिशर्स एण्ड बुकसेलर्स एसोसिएशन्स इन इण्डिया, नई दिल्ली व फोर्स वन के सहयोग से हो रहे के.टी.फाउण्डेशन का ‘खूब पढ़ो-खूब बढ़ो’ थीम पर आधारित इस पुस्तक मेले का उदघाटन मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष गैरुल हसन रिज़वी शाम पांच बजे करेंगे। निःशुल्क प्रवेश वाले मेले में पुस्तक प्रेमियों को हमेशा की तरह न्यूनतम 10 फीसदी की छूट मिलेगी।
पुस्तक मेले में स्वामी मुक्तिनाथानंद, शिक्षाविद जगदीश गांधी, एडवोकेट बाबू रामजीदास, संरक्षक मुरलीधर आहूजा और उत्तर प्रदेश ओलम्पिक एसोसियेशन के उपाध्यक्ष टी.पी.हवेलिया उदघाटन के मौके पर मेहमानों के तौर पर मौजूद रहेंगे. देश के प्रमुख प्रतिष्ठित पुस्तक मेलों में शुमार 15 वर्षों से बराबर आयोजित इस पुस्तक मेले में देश भर से करीब पैंतालीस प्रकाशिक शामिल होंगे. 100 से अधिक स्टाल पुस्तक मेले में लगाए जा रहे हैं।
इस राष्ट्रीय पुस्तक मेले में 10 दिनों तक साहित्यिक चर्चा, कथक, गजल, संगीत व नाटक जैसे अनेक कार्यक्रम संपन्न होंगे. विशेष रूप से डाक्टर से मिलिए कार्यक्रम होगा. प्रदेश भर में पुस्तक मेले के संयोजक स्वर्गीय उमेश ढल की स्मृति में विशिष्ट कवि सम्मेलन व मुशायरा 10 सितम्बर की शाम को विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेगा।
ड्राइंग, फैंसी ड्रेस, नृत्य-गायन, श्लोक वाचन, शंख वादन, लेखन, क्विज, परिधान आदि की बाल व नवयुवा प्रतियोगिताओं का अलग रंग युवा मंच बनाया गया है. इस मंच पर बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।







