पुलवामा में सेना से मुठभेड़ में मारा गया
नई दिल्ली, 02 जनवरी। पुलवामा मुठभेड़ में मारा गया कश्मीरी आतंकी फरदीन खांडे, एक पुलिस वाले का ही बेटा था। हमले के बाद उसका एक वीडियो भी आया था, जिसमें वो कश्मीरी युवकों से लड़ाई लड़ने की बात कह रहा था। वीडियो के दौरान उसने कहा था कि जब तक ये वीडियो आएगा, मैं जन्नत में पहुंच जाऊंगा। अब इस मामले में एक और बात पता चली है, फरदीन खांडे पूर्व में मारे आतंकी बुरहान वानी का ही पड़ोसी था। इस ऑपरेशन में सेना के 5 जवान शहीद हुए और 3 आतंकियों को मार गिराया गया था। पुलिस की मानें, तो खांडे का घर दक्षिण कश्मीर के त्राल में था, जो कि बुरहान वानी का गृहनगर ही था।
बताया जा रहा है कि तीन महीने पहले ही फरदीन के लापता होने की खबर लिखवाई गई थी। फरदीन के अलावा दो और भी आतंकी इस मुठभेड़ में मारे गए। 36 घंटे तक चली मुठभेड़ सोमवार दोपहर को बंद हुई थी। जैश का यह आतंकी फरदीन खांडे महज 17 साल का है। तीन महीने पहले ही उसने आतंक की राह चुनी। इन तीन महीनों में ही उसका ब्रेन वॉश इस कदर कर दिया गया कि वह फिदाइन बन गया। फरदीन दसवीं में पढ़ाई करता था। दूसरे फिदायीन की शिनाख्त मंजूर बाबा के रूप में हुई है। उसकी उम्र 22 थी। मंजूर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले का ही रहने वाला था। तीसरा आतंकी देर शाम तक इमारत में छिपा हुआ था। जैश के फिदायीन आतंकी कड़ाके की ठंड के बीच रविवार रात दो बजकर 10 मिनट पर कैंप में घुसे थे। आतंकियों ने पहले यहां ग्रेनेड से हमला किया और इसके बाद अंधाधुंध फायिरंग शुरू कर दी।







