नैफेड ने केंद्र सरकार से 55 लाख टन का पुराना भंडार खाली करने को कहा
नई दिल्ली, 27 जुलाई 2018: केन्द्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीफ फसलों की खरीद की व्यापक राष्ट्रीय योजना बनाई है। इस बीच केन्द्र सरकार ने नैफेड को पिछले वर्ष खरीद की गई दालें और चने के 55 लाख टन पुराने भंडार को खाली करने को कहा है। बाजार में चने के साथ ही अन्य दालों की कीमतें भी एमएसपी से नीचे आ गई हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने धान पर एमएसपी के अलावा 300 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का फैसला किया है।
केन्द्र सरकार ने धान की साधारण किस्म का एमएसपी 1,750 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। राज्य सरकार इस साल मक्के की भी खरीद करेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडी के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर धान की फसल और गेहूं की तरह ही मक्का, तिलहन तथा दालों की ज्यादा से ज्यादा खरीद यकीनी करने को कहा है। मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों को अपनी खरीफ फसलों को रजिस्टर्ड कराने की सुविधा शुरू कर दी है।
इसके अंतर्गत उनकी सारी फसल खरीदी जाएगी या भावांतर योजना के अंतर्गत कीमतों में अंतर की पूर्ति की जाएगी अथवा राज्य सरकारों की तरफ से विशेष इंसैंटिव्स भी दिया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 28 जुलाई से शुरू होगी और 31 अगस्त तक चलेगी, जिसमें धान की फसल और मक्का समेत 13 प्रमुख खरीफ फसलें शामिल होंगी।







