नई दिल्ली,16 अप्रैल। फ्लिपकार्ट में नियंत्रण हिस्सेदारी खरीदने की कोशिशों में जुटी दुनिया की सबसे बड़ी रिटेल चेन कंपनी वॉलमार्ट ने इसके जरिये अपने लिए तीन स्पष्ट लक्ष्य तय किए हैं। अमेरिकी कंपनी ने करीब एक दशक पहले भारत में कैश ऐंड कैरी कारोबार में हाथ आजमाया था लेकिन अब वह फ्लिपकार्ट के जरिये सही मायनों में भारतीय खुदरा बाजार में उतरने की तैयारी में है। साथ ही वह अमेरिका में अपने ई-कॉमर्स कारोबार को बढ़ाने के लिए फ्लिपकार्ट मॉडल को स्वदेश ले जाने की भी योजना बना रही है।
वॉलमार्ट और फ्लिपकार्ट के बीच सौदे की घोषणा जून में हो सकती है। लेकिन वॉलमार्ट इससे पहले पूरी तैयारी में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी की रणनीति बनाने वाली शीर्ष टीम बोर्डरूम बैठकों के लिए बेंगलूरु और बेंटनविले (अरकांसस) का चक्कर लगाने में व्यस्त है जबकि भारत में कंपनी में कई तरह के बदलाव किए जा रहे हैं। कंपनी भारत में अपने कैश ऐंड कैरी कारोबार को बरकरार रखना चाहती है लेकिन वह बदलाव के दौर से गुजर रही है जिसमें ऑनलाइन पर ज्यादा जोर है।







