- सोना 32,475 रुपए प्रति दसग्राम
- चांदी 41,550 रुपए प्रति किलोग्राम
नई दिल्ली, 25 मई। वैश्विक सराफा बाजारों में सोने चांदी की कीमतों में रही तेजी के साथ -साथ स्थानीय स्तर पर आभूषण निर्माताओं की मजबूत मांग के चलते घरेलू सराफा बाजार में सोने चांदी की कीमतों में तेजी जारी रही। शुक्रवार को राजधानी नई दिल्ली के सराफा बाजार में सोना 350 रुपए चढ़कर 32,475 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। सोने की राह पर ही चांदी भी 250 रुपए चढ़कर 41,550 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।
न्यूयॉर्क में कल सोना भाव 0.86 फीसदी की मजबूती के साथ 1,304.10 डॉलर प्रति औंस रहा। वहीं चांदी भाव 1.19 फीसदी की तेजी के साथ 16.64 डॉलर प्रति औंस रहा। वैश्विक सराफे के असर से आठ ग्राम सोने की एक गिन्नी की कीमत 24,800 रुपए पर स्थिर रही। इसी प्रकार चांदी तैयार 250 रुपए की तेजी के साथ 41,550 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। वहीं साप्ताहिक आधार पर आपूर्ति वाली चांदी का भाव 300 रुपए बढ़कर 40,760 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। हालांकि चांदी सिक्कों में पूछ-परख पूर्वस्तर पर बनी रही। इसका प्रति सैकड़ा लिवाली भाव 76,000 रुपए और बिकवाली भाव 77,000 रुपए रहा।
बुलियन बाजार के विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक संकेतों के सकारात्मक बने रहने से बाजार में तेजी की धारणा देखी गई। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ तय बैठक को रद्द करने से डॉलर और सरकारी बांड में गिरावट देखी गई जिसका असर भी बाजार पर पड़ा।







