अहमदाबाद, 08 मई। गुजरात में टाटा और मारुति कंपनियों के बाद अब विख्यात कंपनी मित्सुबिसी रु. 500 करोड़ का निवेश करेगी और इसके लिए जीआईडीसी को 15 एकड़ जमीन के लिए आवेदन भी किया है।
अहमदाबाद से 25 किलोमीटर दूर साणंद में देश-विदेश के उद्योगकार निवेश कर रहे हैं। अब मित्सुबिसी ने भी साणंद में निवेश करने का फैसला किया है। मित्सुबिसी रु. 500 करोड़ के साथ गुजरात के उद्योग क्षेत्र में प्रवेश करेगी। मित्सुबिसी ऑटोमोबाइल मेन्युफेक्टर के लिए इलेक्ट्रोनिक उपकरण साणंद में बनाएगी। जिससे 1000 रोजगार का सृजन होगा। प्राथमिक चरण में 500 रोजगार सृजन की उम्मीद है और इसकी शुरुआत एक-दो साल में हो जाएगी।
मित्सुबिसी कंपनी ने मेन्युफेक्चरिंग यूनिट के लिए 15 एकड़ जमीन के लिए आवेदन किया है। जीआईडीसी के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक कंपनी के लिए लोकेशन की जांच की जा रही है, क्योंकि कंपनी ने बड़े भूखंड की मांग की है। कंपनी को उसकी जरूरत के मुताबिक भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही जारी है और जल्द ही यह प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी। गौरतलब है साणंद से 66 किलोमीटर दूर विट्ठलपुर के निकट 120 हेक्टर में जापानी उद्योग पार्क बनेगा। जिससे अतिरिक्त 1500 करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है। जीआईडीसी अधिकारी के मुताबिक अन्य जापानी निवेशक भी साणंद में निवेश के इच्छुक हैं।







