नई दिल्ली, 22 जून। घूमने के शौकीन भारतीयों को आकर्षित करने के लिए कई देश अपने वीजा नियमों को लगातार आसान कर रहे हैं। इसी कड़ी में हाल में यूएई भी जुड़ गया, जिसने अपने ट्रांजिट वीजा के जरिये भारतीय टूरिस्ट को किसी अन्य देश में जाते समय दुबई या आबु धाबी में दो दिन फ्री रुकने का फैसला लिया। लेकिन यूएई अकेला नहीं है जो भारतीय पर्यटकों को लुभाने में जुटा है, इसके अलावा भी कई देश हैं जो भारतीयों के घूमने को शौक को अपने देश की आर्थिक स्थिति में इजाफा करना चाहते हैं। भारतीय पर्यटकों को रिझाने में सिर्फ यूनाइटेड अरब अमीरात ही आगे नहीं है।
इसके अलावा भी कई देशों ने भारतीय टूरिस्टों को आकर्षित करने के लिए अपने वीजा नियमों को आसान किया है। इसमें इजरायल, जापान और ओमान प्रमुख रूप से शामिल है। जापान, मिडल ईस्ट और सैंट्रल यूरोप के देशों में भी इंडियन टूरिस्ट्स की खूब आवभगत हो रही है। इजराइल ने मई में इंडियन टूरिस्ट्स के लिए वीजा फीस को 1700 से घटाकर 1100 रुपए करने की घोषणा की थी।
इसी महीने एक्सप्रैस वीजा स्कीम का भी ऐलान किया था जो सिर्फ 2 कार्यदिवस में मिल जाएगा। जापान ने इंडियन ट्रैवलर्स के शॉर्ट टर्म स्टे के लिए मल्टीपल एंट्री वीजा नॉम्र्स को इस साल 1 जनवरी से उदार बनाया है। ओमान अमरीका, आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, जापान और 26 यूरोपीय देशों वाले शेंगेन एरिया के वीजा या रैजीडैंस परमिट वाले इंडियंस को वीजा ऑन अराइवल ऑफर कर रहा है।
इस ऑफर के दायरे में वीजा धारक के जीवन साथी और उनके बच्चे भी आएंगे। यू.एन. वल्र्ड टूरिज्म ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक 2020 तक विदेश जाने वाले इंडियन ट्रैवलर्स की संख्या 2017 के 2 करोड़ से बढ़कर 5 करोड़ हो सकती है।







