नई दिल्ली, 22 मार्च। वॉट्सऐप के सह-संस्थापक ब्रायन एक्टन ने ट्वीटर पर कहा है कि फेसबुक डिलीट कर दें। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि एक्टन ने फेसबुक डिलीट करने के लिए क्यों कहा है।
सोशल नेटवर्किंग दिग्गज फेसबुक ने जेन कॉम और ब्रायन एक्टन से वॉट्सऐप को 2014 में 16 बिलियन डॉलर में खरीद लिया था। जेन कॉम ने जहां कंपनी के साथ काम जारी रखा, वहीं एक्टन ने अपना खुद का फाउंडेशन शुरू किया। ऐसा पहली बार नहीं है, जबकि एक पूर्व फेसबुक एग्जिक्युटिव ने कंपनी छोड़ने के बाद असंतोष जाहिर किया है। पिछले साल एक और पूर्व एग्जिक्युटिव ने कंपनी पर आरोप लगाया था, हमने ऐसे टूल्स बनाए हैं, जिससे समाज के काम करने के तरीकों का पता चलता है।
बता दें कि फेसबुक इसी हफ्ते उस समय सुर्खियों में आ गई, जब करीब पांच करोड़ से ज़्यादा यूज़र्स के डेटा के लीक होने का पता चला। दावा किया जा रहा है कि फेसबुक पर करीब पांच करोड़ यूजर्स की निजी जानकारियां लीक हुईं, जिसका फायदा अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के लिए काम कर रही फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका ने उठाया। फर्म ने वोटर्स की राय को बदलने के लिए फेसबुक यूजर्स डेटा में सेंध लगाई।







