लखनऊ, 19 सितम्बर 2018: यूपी के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है हो सके तो वह अपने सीवी को अपडेट कर लें क्योंकि नवंबर माह से आ रहे नए बस बेड़े के लिए परिवहन निगम बहुत जल्द 3,444 भर्तियां करेगा। कॉरपोरेट सैलरी स्कीम के तहत 21,719 स्थायी रोडवेज कर्मियों के लिए करीब 30 लाख का बीमा कवर उपलब्ध कराए जाने, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को वित्तीय अधिकार दिए जाने समेत कई अहम मसलों पर निगम के निदेशक मंडल ने मंगलवार को मुहर लगा दी है। परिवहन निगम के चेयरमैन संजीव सरन की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रबंध निदेशक पी. गुरुप्रसाद, एएमडी डॉ. बीडीआर तिवारी की मौजूदगी में बोर्ड ने अहम मसलों पर स्वीकृति प्रदान की।

बता दें कि परिवहन निगम बोर्ड अलग-अलग क्षेत्रों में बेड़े के अनुरूप संविदा चालक परिचालकों की भर्तियां करेगा। इनमें 1241 चालक और 2203 परिचालक होंगे।21,719 स्थायी कर्मियों को कारपोरेट सैलरी स्कीम के तहत बीमा लाभ उपलब्ध कराए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया है। अपर प्रबंध निदेशक डॉ. बीडीआर तिवारी के मुताबिक इस सिलसिले में एसबीआइ की ओर से प्रस्ताव आ गया है। इसमें नियमित कर्मचारियों को तीस लाख का बीमा कवर बिना किसी प्रीमियम के मिलेगा। बस एसबीआइ में खाता होना चाहिए।अब तक रखरखाव के नाम पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (एआरएम) के पास खर्च करने के लिए वित्तीय अधिकार नहीं थे।
बोर्ड ने उन्हें इन अधिकारों को प्रदान कर दिया है। एआरएम अब बस स्टेशन की श्रेणी के अनुसार कम से कम दस और अधिकतम 15 हजार रुपये का भुगतान प्रति माह कर सकेंगे। इसके अलावा बस स्टेशनों की रंगाई पोताई कराये जाने के निर्देश भी बैठक में दिये गए।







