सम्मानित होने वाले छात्रों में सर्वाधिक 23 छात्र अकेले सी.एम.एस. के
लखनऊ, 12 जून। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ आगामी 14 जून, बुधवार को प्रातः 11.00 बजे लोकभवन के ऑडिटोरियम में आयोजित एक सम्मान समारोह में पूरे प्रदेश के इण्टर व हाईस्कूल के सभी बोर्डो के कुल 141 मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। सम्मानित होने वाले छात्रों में सर्वाधिक 23 छात्र अकेले सी.एम.एस. के हैं।
इस अवसर पर मेधावी छात्रों को मुख्यमंत्री द्वारा एक-एक लाख रूपये का नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र व टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी ने दी है। उन्होंने बताया कि इस सम्मान समारोह में सी.आई.एस.सी.ई. बोर्ड से सम्बद्ध पूरे प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों से कुल 35 छात्रों को सम्मान हेतु चयनित किया गया है, जिसमें 23 छात्र अकेले सी.एम.एस. के हैं एवं शेष 12 छात्र पूरे प्रदेश के अन्य विद्यालयों के हैं।
समारोह में सी.एम.एस. के आई.एस.सी. (कक्षा-12) के 8 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जायेगा, जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में 99.75 प्रतिशत, 99.50 प्रतिशत एवं 99.25 प्रतिशत अंको के साथ ऑल इण्डिया प्रथम, द्वितीय व तृतीय रैंक अर्जित की है। इसी प्रकार, सी.एम.एस. के आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) के 15 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जायेगा, जिन्होंने 99.60 प्रतिशत एवं 99.40 प्रतिशत अंको के साथ ऑल इण्डिया द्वितीय व तृतीय रैंक अर्जित की है।
अखिल भारतीय कविता प्रतियोगिता में छात्रा ने जीता प्रथम पुरस्कार
लखनऊ, 12 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस की छात्रा अंजलि धमीजा ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अर्जित किया है। यह प्रतियोगिता शैक्षिक संस्था स्प्राउटी इरा किड्ज एजूकेशन, नई दिल्ली के तत्वावधान आयोजित हुई। यह प्रतियोगिता छात्रों की अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करने, उनमें आत्मविश्वास का संचार करने एवं उनके ज्ञान को परखने के उद्देश्य से आयाजित की गई, जिसमें देश भर के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इस प्रतियोगिता छात्रा ने बड़े आत्मविश्वास से कविता को सुनाया। प्रतियोगिता के आयोजकों ने इस मेधावी छात्रा की प्रतिभा की सराहते हुए मेडल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डा. जगदीश गाँधी ने छात्रा को आशीर्वाद देते हुए विद्यालय के शिक्षकों व प्रधानाचार्या के प्रति आभार व्यक्त किया है।







