चीन ने भारतीय सीमा के भीतर घुसपैठ की एक और गंभीर हरकत को अंजाम देते हुए दो भारतीय सैन्य बंकर को नष्ट कर दिया। सिक्किम सेक्टर में चीन से लगी सीमा पर चीनी सैनिकों की इस नापाक हरकत को भारतीय सैनिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर रोका। घुसपैठ की इस घटना के दौरान चीनी सैनिकों और भारतीय सैनिकों के बीच झड़प भी हुई। इस घटना के बीच मौसम का बहाना करते हुए चीन ने नाथूला के रास्ते कैलाश मानसरोवर जाने वाले भारतीय तीर्थ यात्रियों को भी दर्शन पर जाने से रोक दिया है। वैसे डोका ला क्षेत्र में चीनी घुसपैठ की यह पहली घटना नहीं है बल्कि इसके पहले नवंबर 2008 में भी पीपुल्स लिबेरशन आर्मी ने यहां घुसपैठ कर भारत के कुछ सैन्य बंकर नष्ट किए थे।
चीन की सरकारी मीडिया ने एक दिन पहले ही भारत-अमेरिका की बढ़ती दोस्ती पर चिंता जताई थी। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने सिक्किम के डोका ला जनरल एरिया में भारतीय सीमा में घुसपैठ की।
सरकारी सूत्रों के अनुसार चीनी सैनिकों ने जब सीमा का अतिक्रमण किया तो भारतीय सैनिकों के साथ उनकी झड़पें हुई। इसी दौरान चीनी सैनिकों ने दो भारतीय सैनिकों के दो बंकर नष्ट कर दिए। दोनों नष्ट किए गए बंकर डोका ला के लालटेन क्षेत्र में थे। इसके बाद चीनी सैनिकों को पीछे धकेलने के लिए भारतीय सैनिकों को वास्तविक नियंत्रण रेखा पर काफी संघर्ष करना पड़ा। ताकि चीनी सैनिक सीमा के और अंदर न घुस सकें। इसके लिए भारतीय सैनिकों ने एलएसी पर मानव श्रृंखला बनाई और चीनी सैनिकों को पीछे हटने को बाध्य किया।