श्री श्याम ज्योत मंडल का 38वां श्याम निशानोत्सव
लखनऊ, 17 मार्च, 2021: बाबा श्याम का बाघा रत्नजड़ित रंग बिरंगी मोतियों से अंलकृत एवं सिंहासन पर विराजे बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, मनमोहिनी रूप भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था यह नजारा ऐशबाग के तिलकनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में श्री श्याम ज्योत मंडल के 38वें श्री श्याम निशानोत्सव का रहा।
बुधवार शाम को खाटू नरेश के अखंड ज्योत प्रज्जवलन के संग ही आयो फागुन मेलो झूम के सांस्कृतिक भजन संध्या की शुरूआत हुई। राजश्री म्युजिकल ग्रुप के निर्देशन में मंडल सदस्यों ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश की वंदना से शुरू की। बाबा श्याम लाडले योगेन्द्र अग्रवाल ने फागण की है रात, बाबा आज थाने आणो है… एवं खाटू नरेश का गुणगान कर बाबा के चरणों में हाजिरी लगाई।

मंडल के मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने बताया कि डिजिटल एलईडी पैनलों से बाबा श्याम का भव्य दरबार उत्तर प्रदेश में पहली बार बनाया गया है। इस बार एलईडी स्क्रीन आधारित मंच भी खास है। भजनों में जिस बात का वर्णन किया जा रहा होगा उसी समय एलईडी स्क्रीन पर वैसा ही दृश्य दिखाई देगा। हालांकि पूर्व के वर्षों में इसे जीवंत करने के लिए मंच पर कलाकार मौजूद रहते थे। कोरोना के चलते सोशल डिस्टेंसिंग के कारण इस बार तकनीकी आधार पर भक्तों को श्याम प्रभु की जीवंत झांकियां दिखाई जाएगी।
भजन सम्राट कोलकाता के सौरभ-मधुकर ने अपनी आवाज में खाटू वाले मैं तेरा दीवाना तेरे काबिल नहीं पर जैसा भी हूं तू साथ निभाना…, जैसे भजनों को पेश किया।
भजन संध्या के अगले क्रम में कोलकाता के संजय शर्मा कर्णप्रिय आवाज में चूरमे का लाडू मेरो श्याम, खिलांऊ तुम्हें पेट भर… पेश कर भक्तों की असंख्य तालियां बटोरी।
मंडल के विवेक गोयल एवं मुकेश ने बताया दूसरे दिन गुरूवार को प्रातः 7 बजे श्री श्याम निशान यात्रा निकाली जाएगी। जो कार्यक्रम स्थल से शुरू होकर कुंडरी रकाबगंज, रानीगंज, सरांय फाटक, गणेशगंज, अमीनाबाद, कैसरबाग, परिवर्तन चौक, हनुमान सेतु होते हुए बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर तक जाएगी। यहां भक्तजन बाबा श्याम को निशान अर्पित करेंगे।







