लखनऊ विवि में आयोजित हुई वेबिनार में एचपी कंपनी के स्पेशलिस्ट ने विद्यार्थियों को दी महत्वपूर्ण जानकारी
लखनऊ, 17 अप्रैल 2020: आज की डिजिटल दुनिया में डेटा बेहद महत्वपूर्ण है। बैंक, अस्पताल, परिवहन आदि अधिकांश क्षेत्रों अपना डेटा खोने का जोखिम नहीं उठा सकते हैं। किसी आपदा की स्थिति में वर्कलोड और डेटा को पोर्ट करने की आवश्यकता के समय स्टैंडबाय पर होने के कारण डेटा की रिकवरी में बहुत समय लगता है। देवआप्स ऑटोमेशन ऐसे मामलों में डेटा की तेजी से रिकवरी में मदद करता है। ये बातें वेबिनार में एच.पी कंपनी बेंगलुरु के स्पेशलिस्ट सॉफ्टवेयर इंजीनियर जैस्मीन कंबोज ने कही।

वे लखनऊ विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग संकाय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा ” देवआप्स: कल्चर ट्रांसफॉरमेशन मोरदेन टेक्नोलॉजी” विषय पर आयोजि वेबिनार में विडियो कांफ्रेंसिंग में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कोविड-19 की टेस्टिंग प्रक्रिया को तेज करने में सहायक है। देव आप्स टूल ‘ओपनट्रोंस’ की मदद से कोविड-19 की टेस्टिंग तेज की जा रही है। इस टूल का उपयोग कैलिफ़ोर्निया और यू.एस की कोविड-19 टेस्टिंग लैब में हो रहा है । इस टूल की वजह से कोविड-19 का टेस्ट करने वाली लैब्स की क्षमता 2400 टेस्ट प्रतिदिन बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि इस समय आईटी उद्योग में सबसे अधिक ट्रेंडिंग शब्द देव आप्स है। देव आप्स शब्द डेवलपमेंट और ऑपरेशन्स दो शब्दों का एक संयोजन है। देव आप्स एक सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट अप्रोच है, जिसकी मदद से आप बेहतर क्वालिटी के सॉफ्टवेयर को जल्दी और अधिक विश्वसनीयता के साथ विकसित कर सकते हैं। इसमें सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के विभिन्न चरणों जैसे निरंतर विकास, निरंतर एकीकरण, निरंतर परीक्षण, निरंतर तैनाती और निरंतर निगरानी शामिल हैं। देव आप्स की मदद से एक सिंगल टीम एप्लीकेशन डेवलपमेंट लाइफ साइकिल की पूरी प्रक्रिया (विकास, परीक्षण, परिनियोजन और निगरानी) का प्रबंधन करने मैं सक्षम होती है। देव आप्स का मुख्य उद्देश्य सिस्टम डेवलपमेंट लाइफ साइकिल की अवधि को कम करना है
उन्होंने बताया कि ऑटोमोबाइल्स के डिजिटलाइजेशन में देव आप्स की अहम भूमिका है। चालक रहित कार की परिकल्पना मजबूत नेविगेशन सिस्टम के कारण ही पूरी हो पायी है| कार को रास्ते की जानकारी नेविगेशन सिस्टम द्वारा मिलती है| सही रास्ता चुनने में नेविगेशन सिस्टम को लगातार लेटेस्ट अपडेशन की जरूरत होती है जो देव आप्स के द्वारा ही संभव है।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ हिमांशु पांडे ने कहा कि मेडिकल क्षेत्र में देवआप्स के ऑटोमेटिंग नेचर के कारण, स्वास्थ्य सेवा प्रदाता तेजी से असाध्य रोगों के इलाज ढूंढने में सफल हो पा रहे हैं। देव आप्स और बिग डेटा के उपयोग से कैंसर जैसी असाध्य बीमारियों के लिए तेजी से नए समाधान विकसित करने और चिकित्सीय खर्च को कम करने में सहायता मिल रही है।







