लखनऊ,20 जुलाई 2019: सावन माह के कृष्ण पक्ष में शनिवार को ऐशबाग रामलीला मैदान के राम भवन में 11वां सवा लाख सपादलक्ष रुद्राभिषेक 29 चौकियों के माध्यम से भव्य स्तर पर किया गया। आयोजक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि लखनऊ के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा तथा लखनऊ के मेयर संयुक्ता भाटिया एवं गणमान्य लोगों ने भगवान शिव के रुद्राभिषेक अनुष्ठान में विधिवत् पूजन अर्चना कर देश में सुख समृद्धि की कामना की। आचार्य शिवशंकर की अगुवाई में हरदोई व उन्नाव के पुरोहितों ने हर हर महादेव के मंत्र उच्चारण के साथ भद्रं करणेभिः के वैदिक मंत्रों से रुद्राभिषेक अनुष्ठान शुरू हुआ।
रुद्राभिषेक के लिए विशेष रूप ऋषिकेश से 1000 लीटर गंगाजल मंगवाया गया था सर्वप्रथम भगवान शिव का अभिषेक गंगाजल से किया गया इसके पश्चात् दूध, जल, शर्करा, गन्ने का रस, कुशोदक, घी, दही, शहद आदि से भी अभिषेक किया गया। आचार्य शिवशंकर पाण्डेय ने बताया कि ध्यान, आसन, प्राणायाम, पुण्याहवाचन, आवाहन के पश्चात भगवान को स्नान से लेकर षोडसोचार पूजन किया गया। तत्पश्चात् भगवान का श्रृंगार किया गया। दूध की धार से रुद्राष्टाध्यायी का पाठ प्रारम्भ हुआ जिसमें पंचम अध्याय नमक चमक के साथ 11 पाठ के साथ ही स्तुति, आरती, उत्तर पूजन पुष्पांजलि, अम्रताभिषेक और आचार्यों द्वारा आर्शीवाद प्रदान किया गया।
संयोजक आदित्य प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि भोले बाबा सभी दुखों नष्ट कर देते है। एकमात्र सदाशिव रूद्र के पूजन से सभी देवताआंे की पूजा स्वतः हो जाती है। विभिन्न द्रव्यांे से शिवलिंग का विधिवम् अभिषेक करने पर अभीष्ट कामना की पूर्ति होती है। आयोजक मंडल में शामिल हरीश चन्द्र अग्रवाल ने बताया कि पर्यावरण का विशेष ध्यान रखते हुए रामलीला मैदान में ही गड्ढा खोदकर रुद्राभिषेक की सामग्रियों का विजर्सन किया गया।






