वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलास्का में हुई अपनी हालिया मुलाकात के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं को बताया कि वह 22 अगस्त तक पुतिन और ज़ेलेंस्की के साथ एक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। इसका उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
ट्रंप ने अलास्का में पुतिन के साथ मुलाकात के बाद ज़ेलेंस्की से भी फोन पर बात की थी। इस बातचीत के बाद दोनों नेताओं ने सोमवार, 18 अगस्त 2025 को वाशिंगटन में मुलाकात करने पर सहमति जताई। इस बैठक में यूके, जर्मनी, फ्रांस, और इटली जैसे यूरोपीय देशों के नेता भी शामिल हों उनके साथ नाटो महासचिव मार्क रट्टे भी मौजूद होंगे।
हालांकि, अलास्का में हुई ट्रंप-पुतिन बैठक में कोई ठोस समझौता नहीं हो सका। ट्रंप ने इसे “उपलब्धिपूर्ण” बताया, लेकिन पुतिन ने यूक्रेन के क्रीमिया पर दावा छोड़ने और नाटो में शामिल होने की उसकी इच्छा को समाप्त करने की शर्त रखी। ज़ेलेंस्की ने जवाब में कहा कि “रूस को इस युद्ध को समाप्त करना होगा, जिसे उसने शुरू किया।”
यूरोपीय नेता इस बात पर जोर दे रहे हैं कि यूक्रेन की संप्रभुता और सुरक्षा की गारंटी के बिना कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। सोमवार की बैठक को यूक्रेन के भविष्य के लिए निर्णायक माना जा रहा है।







