अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्म महोत्सव (आई.सी.एफ.एफ.-2019) का चौथा दिन
लखनऊ, 07 अप्रैल 2019: सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरिम में चल रहे नौ-दिवसीय ‘अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्म महोत्सव (आई.सी.एफ.एफ.-2019)’ में शिक्षात्मक बाल फिल्में देखने का भारी उत्साह छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों में दिखाई दिया।
इस अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव के चौथे दिन आज अभिनेता आशीष सिंह एवं बाल कलाकार रूबल जैन व अदिति जायसवाल उपस्थिति ने समारोह की रौनक बढ़ाई। वरिष्ठ पत्रकार एवं भाजपा प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने एकता व शान्ति का दीप प्रज्वलित कर बाल फिल्मोत्सव के चौथे दिन का विधिवत् शुभारम्भ किया एवं छात्रों ने सुमधुर स्वर में प्रार्थना गीत व सर्व-धर्म प्रार्थना प्रस्तुत कर अभिभूत किया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं भाजपा प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि इस बाल फिल्मोत्सव में बच्चों को जीवन मूल्यों व चरित्र निर्माण की जो शिक्षा मिल रही है, वह उनके सर्वांगीण विकास में बहुत सहायक होगी।

बाल फिल्मोत्सव के अन्तर्गत आज अपरान्हः सत्र में सी.एम.एस. कानपुर रोड पर आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में अभिनेता आशीष सिंह एवं बाल कलाकार रूबल जैन व अदिति जायसवाल ने पत्रकारों से मुलाकात की और खुलकर अपने विचार व्यक्त किए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए फिल्म जगत की इन हस्तियों ने एक स्वर से कहा कि बच्चों के लिए शिक्षात्मक फिल्मों का आज अभाव है, ऐसे में यह फिल्म फेस्टिवल बहुत ही अच्छा प्रयास है। निश्चित रूप से छात्रों के दिल-दिमाग पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और यह आयोजन अपने उद्देश्य में सफल होगा।
फिल्म फेस्टिवल के डायरेक्टर श्री वर्गीज कुरियन ने आई.सी.एफ.एफ.-2019 के पाँचवे दिन का उद्घाटन कल 8 अप्रैल, सोमवार को प्रातः 9.00 बजे सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में होगा। श्री अनिल गर्ग, आई.ए.एस., कमिश्नर, लखनऊ, इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे जबकि श्री इन्द्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त, समारोह के विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा, अभिनेता श्री शाहबाज खान, श्री अभिषेक दुहान एवं श्री ईशान वर्मा बाल फिल्मोत्सव की गरिमा बढ़ायेंगे।







