अध्यक्ष पद पर बसपा समर्थित राजेश वर्मा ने 299 और उपाध्यक्ष पद मनोज कुमार ने 46 मतों से जीत दर्ज की
अयोध्या, 31 दिसम्बर। बसपा के बढ़ते वजूद की एक और जीती जागती नज़ीर आज अयोध्या नगरी के साकेत महाविद्यालय में देखने को मिली जहाँ भाजपा समर्थित इकाई एबीवीपी और सपा इकाई समर्थित छात्रसभा के संगठनों को हार का सामना करना पड़ा। एबीवीपी छात्र संगठन के लिए तो यह छात्र संघ चुनाव वैसे भी प्रतिष्ठा का सवाल था क्योकि उत्तर प्रदेश में भाजपा की ही सरकार है। चुनावी नतीजों से समाजवादी पार्टी छात्र सभा की प्रत्याशी नेहा कुमारी को हार के रूप में करारा झटका लगा है। वहीं बहुजन छात्र दल के समर्थित उम्मीदवारों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों को हथियाकर नए समीकरण के संकेत दिए हैं।
जानकारी के अनुसार फैजाबाद के कामता प्रसाद सुंदरलाल साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर बसपा समर्थित राजेश वर्मा ने 299 और उपाध्यक्ष पद मनोज कुमार ने 46 मतों से जीत दर्ज की है। इसमें राजेश वर्मा को 1368 मत मिले और मनोज कुमार को 1185 मत मिले।
इसके अलावा महामंत्री के पद पर एबीवीपी के अंकित त्रिपाठी 1410 और उप मंत्री के पद पर निर्दलीय प्रत्याशी पंकज तिवारी 1289 ने जीत दर्ज की है।
हार-जीत में कांटे की टक्कर
अध्यक्ष पद पर बहुजन छात्र दल के राजेश और समाजवादी छात्रसभा की उम्मीदवार नेहा कुमारी के बीच कांटे की टक्कर रही। राजेश को 1368 और नेहा को 1069 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार (बीएसडी) को 1185 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय यादव केा 1139 वोट हासिल हुए।
बता दें, इस बार यहाँ सबसे बड़ा झटका समाजवादी छात्रसभा को लगा जिसमे उसे कोई विजय प्राप्त नहीं हो सकी लेकिन लेकिन ख़ास बात यह रही कि सपा सभी छात्रसंघ चुनाव पदों पर में दूसरे नंबर पर रही।
बीजेपी के माने जाने वाले गढ़ में बसपा समर्थित छात्रों ने जो जीत दर्ज की है उससे बसपा के बढ़ते प्रभाव को कम करके आँका नहीं जा सकता, बहुजन छात्र दल नाम के संगठन से समर्थित इस यूनिट ने जो जीत दर्ज की है वह बेहद ख़ास है क्योकि यहाँ एबीवीपी छात्र संघ संघटन का सालों से राज था। अब यह बहुजन छात्र संघटन की जीत भविष्य में क्या नयी दिशा तय करेगी यह देखना बहुत अहम् हो गया है।








