लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल की पैन इंडिया बजट फ्रैंचाइज़ी पहल को अभिनेता का समर्थन, आनंद कुमार ने भी सराहा शिक्षा मिशन
मुंबई। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जीवन कौशल से जोड़ने की जरूरत पर जोर देते हुए अभिनेता शरमन जोशी ने लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल (LFCS) की पैन इंडिया बजट स्कूल फ्रैंचाइज़ी पहल का समर्थन किया है। मुंबई में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में वीडियो संदेश के जरिए उन्होंने कहा कि बच्चों को जीवन कौशल से जोड़ना केवल माता-पिता ही नहीं, बल्कि स्कूलों की भी जिम्मेदारी है। इसके लिए सिर्फ बातें नहीं, बल्कि उन्हें व्यवहार में उतारना जरूरी है।
LFCS के निदेशक मुरलीधर यादव के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का लक्ष्य कम फीस में गुणवत्तापूर्ण और बाल-केंद्रित शिक्षा को देशभर के बच्चों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में ‘सुपर 30’ के संस्थापक आनंद कुमार ने भी पहल की सराहना की। उन्होंने इसे ‘मिशन एजुकेशन और मिशन इंडिया’ बताते हुए जरूरतमंद प्रतिभाशाली बच्चों को नि:शुल्क मार्गदर्शन देने की बात कही। आनंद कुमार ने कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जिसमें बच्चे केवल चीजों को रटें नहीं, बल्कि कुछ नया सोचने और आविष्कार करने की क्षमता विकसित करें।
मुरलीधर यादव ने कहा कि हर बच्चे में अपनी अलग प्रतिभा होती है और सही दिशा व मार्गदर्शन मिलने पर वह बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। उनके मुताबिक LFCS की पहल इसी सोच के साथ शिक्षा को अधिक सुलभ और बच्चों की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में कदम है।







