लखनऊ से मंजूर आलम
ईद की तैयारियां शहर भर में जोरों से चल रहीं हैं। जिसके चलते महिलाएं खरीदारी करने में इन दिनों बहुत व्यस्त हैं। कपड़े, आर्टिफीशल ज्वैलरी, पर्स, सैंडिल इन सबकी खूब खरीदारी हो रही है। दिन में कुछ खास भीड़ तो नहीं लेकिन इफ्तार के बाद बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। आलम यह है कि दुकानदार ग्राहकों को ठीक से सामान तक नहीं दिखा पा रहे हैं। यही वजह है कि इन दिनों शहर के बाजार देर रात तक खुले हैं। राजधानी के अमीनाबाद, नख्खास, चौक, भूतनाथ, आलमबाग, हजरतगंज व पत्रकारपुरम सहित सभी बाजारों में काफी रौनक दिखायी दे रही है। बाजारों के अतिरिक्त राजधानी के मॉल में भी काफी चहल-पहल दिखायी दे रही है।
सभी लोग खरीदारी करते हुए अपने बजट का खास ध्यान रख रहे हैं। महिलाओं से शुरुआत की जाए तो वे लाल, पीले, नीले, हरे और गुलाबी रंग के सूट ज्यादा पसंद कर रही हैं। उसमें भी भारी काम पसंद किया जा रहा है। फिलहाल महिलाएं और युवतियां टीवी सीरियल को ध्यान में रखते हुए ही अपनी खरीदारी कर रही हैं। वहीं बच्चे मम्मी-पापा के नहीं बल्कि अपनी पसंद के कपड़े ले रहे हैं। पुरूष वर्ग की बात करें तो उन्हें साधारण और सोबर कपड़े ही पसंद आ रहे हैं। जहां महिलाओं को अपने कपड़े पसंद करने में दो घंटे लग रहे हैं वहीं पुरूषों को ज्यादा से जयादा आधा घण्टा। महिलाएं अपने सूट व साड़ियों से मैच करती आर्टिफीशल गहने भी खरीद रहीं हैं। कम दाम में मैचिंग ज्वैलरी सभी को खूब लुभा रही है। इन दिनों वैसे भी आर्टिफीशल ज्वैलरी की डिमाण्ड बाजार में ज्यादा है। महिलाएं अपनी ड्रेस से मैच करते हुए ज्वैलरियां खरीद रही हैं। इसके अलावा श्रृंगार का सामान भी बढ़-चढ़कर ले रही हैं।
वहीं हैवी वर्क की सैंडिल महिलाएं ज्यादा पसंद कर रहीं हैं। यही वजह है कि इस समय भारी काम की सैंडिल दुकानों में ज्यादा दिख रही है। इसके अलावा लेडीज बैग की भी खूब खरीदारी हो रही है। खास बात यह है कि सिर्फ मम्मियां ही नहीं बल्कि उनकी छोटी-छोटी बेटियां खूबसूरत बैग लेने की इच्छा रखती हैं। बच्चियों का कहना है कि वो चाहती हैं कि उनका बैग उनकी सहेली से भी अच्छा हो। दुकानदारों की माने तो ईद पर हर परिवार खरीदारी करता हैं। जहां छोटे से लेकर बड़े तक अपने लिए कुछ न कुछ जरूर लेते हैं। गर्मी के चलते जहां बीते दिनों बाजार में सन्नाटा पसरा था वहीं ईद की वजह से जबरदस्त रौनक हो गयी है। बिक्री भी काफी अच्छी हो रही है। त्योहार आते-आते दिनों-दिन और बढ़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि त्योहारों और सहालग के समय ही सबसे अच्छी सेल होती है। सभी दुकानदार इन दिनों का खास इंतजार करते हैं।







