एक्सपायरी डेट की हो चुकी सरकार: प्रियंका
नई दिल्ली, 20 मार्च 2019: कांग्रेस में जान फूंकने वाली प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार और योगी सरकार पर बड़े हमले किये। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि यह सरकार किसान, बुनकर, नौजवान सभी को प्रताड़ित करने वाली है। गोपीगंज में रोडशो के बाद पत्रकारों से उन्होंने कहा कि दरअसल यह सरकार एक्सपायरी डेट की हो गयी है। इसके बड़े-बड़े दावों की जमीनी हकीकत मुझे शून्य नजर आ रही है।
मांगी देश के लिए कल्याण की दुआ:
बता दें कि सीतामढ़ी में सोमवार की रात्रि विश्राम के बाद वहां से मध्याह्न डेढ़ बजे उन्होंने गोपीगंज में रोड शो किया तथा लोगों से बातचीत भी की। वहां से चलकर वे अपराह्न तीन बजे कार द्वारा विन्ध्याचल पहुंचीं। जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा पाठ किया तथा वहीं बगल में स्थित कंतित शरीफ में जाकर जियारत की तथा चादर चढ़ाये।
प्रियंका के सामने लोगों ने मोदी जिन्दाबाद के नारे लगाये जिस पर बिना प्रतिक्रिया व्यक्त किये वे आगे बढ़ गयीं। मिर्जापुर में 4.30 बजे कचहरी जाकर वकीलों से मुलाकात किया और आास्त किया कि कांग्रेस की सरकार आते ही उनकी सारी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपना जो रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया है उसका प्रचार जोरदार किया गया है लेकिन हकीकत में यह सरकार पूरी तरह फ्लाप है।