ममता ने कहा, सुनिश्चित किया जाएगा कि नरेन्द्र मोदी फिर कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनें
नई दिल्ली, 11 अप्रैल 2019: भाजपा के खिलाफ सबसे मुखर तृणमूल कांग्रेस पार्टी की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को एक रैली में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नरेन्द्र मोदी फिर कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनें।
बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस केन्द्र में अगली सरकार बनाने में मदद करेगी। उन्होंने लोगों से तृणमूल कांग्रेस को वोट देने का आग्रह किया। उन्होंने उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, इस बार बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव भाजपा को हराने के लिए है। भाजपा को सत्ता से हटाने का अभियान है.. यह चुनाव इस बात को सुनिश्चित करने के लिये है कि नरेन्द्र मोदी फिर कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनें। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह (भाजपा) कभी सत्ता में वापसी नहीं करें।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अगली सरकार बनाने में मदद करेगी। हमारी पार्टी भाजपा को देश से खदेड़ेगी। मोदी पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों तक प्रधानमंत्री विदेश यात्रा करने में व्यस्त रहे। अचानक वह देशवासियों के कल्याण के बारे में इतना सचेत हो गये।उन्होंने कहा, पांच वर्ष पहले वह चायवाला थे और अब वह अचानक चौकीदार हो गए है।
उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद लोग उन्हें कहीं और पाएंगे। साढ़े चार वर्षों तक वह दुनिया की यात्रा करने में व्यस्त रहे और अब यहां रोजगार नहीं है, किसान अपना कर्ज नहीं चुका पाने के कारण मर रहे हैं। जब लोगों की पीट-पीट कर हत्या की जा रही थी तो वह मौन थे। मैं उन्हें (मोदी) दंगाबाज और लुटेरा कहती हूं। बनर्जी ने कहा कि न तो भाजपा, कांग्रेस से और न ही माकपा से कोई पिछले पांच वर्षों में दार्जिलिंग आया है जबकि वह लगभग हर महीने इस पहाड़ी क्षेत्र में आती हैं।






