‘वायनाड’ के साथ है राहुल का भावनात्मक रिश्ता
नई दिल्ली, 05 अप्रैल 2019: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को केरल की वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद ट्वीट कर कहा कि वह इस क्षेत्र के लोगों से मिले प्रेम से अभिभूत हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘‘मैं वायनाड की जनता के प्रेम और स्नेह से अभिभूत हूं। मैंने वहां लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। समर्थन और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आपका बहुत धन्यवाद।’ राहुल ने अपने रोड शो के दौरान हुई एक दुर्घटना का हवाला देते हुए कहा, ‘‘मैं उन पत्रकारों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं जो हमारे रोडशो के दौरान हुई दुर्घटना में घायल हो गए।’

राजीव गांधी का अस्थि कलश यहां लाया गया था:
- केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला ने एक घटना को याद करते हुए बताया, ‘‘1991 में उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का अस्थि कलश यहां लाया गया था।
- उनकी अस्थियां यहां के थिरूनेली गांव में भगवान महाविष्णु को समर्पित एक मंदिर तक जाने वाली नदी पापनाशिनी में विसर्जित की गईं थीं।’ चेन्नीथला ने कहा, ‘‘तत्कालीन मुख्यमंत्री के. करुणाकरन, मैं स्वयं, मुल्लापल्ली रामचंद्रन और केसी वेणुगोपाल राजीव जी की पापनाशिनी नदी में अस्थि विसर्जन के समय उपस्थित थे। पापनाशिनी का अर्थ है-पाप का नाश करने वाली।
- थिरूनेली मंदिर के पुजारियों के अनुसार, अगर पापनाशिनी में मृत व्यक्ति की अस्थियां विसर्जित की जाती हैं तो इसे गया में मिलने वाले पुण्य के समकक्ष माना जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को यहां नामांकन पत्र दाखिल किया।






