कांग्रेस ने बहुत देर कर दी, अब गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं सपा-बसपा से मोदी हटाओ लक्ष्य का गठबंधन: मायावती
लखनऊ, 19 मार्च 2019: यूपी में चुनावी गंठबंधन को लेकर घमासान जारी है। कांग्रेस द्वारा सपा, बसपा, रालोद गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़े जाने पर बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस जबर्दस्ती यूपी में गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ने की भ्रान्ति न फैलाए। वह प्रदेश की पूरी अस्सी सीटों पर लड़ने के लिए स्वतंत्र है।
मायावती के सुर में सुर मिलाते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनका गठबंधन भाजपा को हराने में सक्षम है। कांग्रेस किसी तरह का भ्रम न पैदा करे।
गौरतलब है कि रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने प्रदेश की सात सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशियों के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारने का ऐलान किया था। बसपा सुप्रीमो ने सोमवार को एक ट्वीट में कहा कि ‘‘बीएसपी एक बार फिर स्पष्ट कर देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में कांग्रेस से हमारा किसी भी प्रकार का तालमेल या गठबंधन नहीं है। हमारे लोग कांग्रेस पार्टी द्वारा आए दिन फैलाए जा रहे भ्रम में कतई न आएं।
मायावती बोलीं :
बीएसपी एक बार फिर स्पष्ट कर देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में कांग्रेस से हमारा किसी भी प्रकार का तालमेल या गठबंधन नहीं है। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 80 सीटों पर लड़ने को स्वतंत्र है।
उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि ‘‘कांग्रेस यूपी में भी पूरी तरह से स्वतंत्र है कि वह यहां की सभी 80 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करके अकेले चुनाव लड़े। अर्थात हमारा यहां बना गठबंधन अकेले बीजेपी को पराजित करने में पूरी तरह से सक्षम है। कांग्रेस जबर्दस्ती यूपी में गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ने की भ्रान्ति न फैलाए।’मायावती के ट्वीट के बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा सुप्रीमो के सुर में सुर मिलाते हुए ट्वीट कर कहा कि ‘‘उप्र में सपा, बसपा और रालोद का गठबंधन भाजपा को हराने में सक्षम है। कांग्रेस पार्टी किसी तरह का कन्फयूजन न फैलाए’।
कांग्रेस का औपचारिक गठबंधन नहीं हुआ:
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से भले ही कांग्रेस का औपचारिक गठबंधन नहीं हुआ लेकिन उनके साथ मोदी को हटाने के लक्ष्य का गठबंधन हो गया है।







