हॉलीवुड फिल्मों तक बिहार का नाम रौशन करने वाली अभिनेत्री नीतू चंद्रा श्रीवास्तव जल्द ही प्रदेश में बॉलीवुड की दो बड़ी फिल्मों को शूट के लाने वाली हैं। वे इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं, बस उन्हें इंतज़ार है बिहार में फ़िल्म पॉलिसी के लागू होने का। इसके लिए नीतू चंद्रा श्रीवास्तव जोर शोर से लगी हुई हैं। उनका प्रयास है कि बिहार सरकार फ़िल्म नीति को जल्द से जल्द लेकर आये ताकि बिहार में भी सिनेमा की शूटिंग हो और यहां के लोगों को भी मौका व रोजगार मिल सके।
नीतू चंद्रा का सपना रहा है कि बिहार में फ़िल्म उद्योग का विकास हो। यही वजह है कि वे अक्सर राज्य सरकार, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार और फ़िल्म निगम के संपर्क में रही हैं और फ़िल्म नीति को बिहार में लागू करने का प्रयास करती रही हैं।
उनका मानना है कि झारखंड और यूपी में फ़िल्म नीति आने के बाद वहां बॉलीवुड की फिल्मों की शूटिंग धड़ल्ले से हो रही है, तो फिर बिहार पीछे क्यों रहे। बिहार में भी एक से बढ़कर एक लोकेशन हैं। यहां के स्थानीय कलाकार बेहद प्रतिभशाली हैं। लोग बेहद सपोर्टिव हैं। बस एक फ़िल्म नीति न होने से बात अटक जाती है, जिसको लेकर नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली सरकार गंभीर है।







