अगले कुछ महीनों में बनना शुरू हो जाएगा यह शो
मुंबई, 03 मार्च। बालीवुड के दबंग अभिनेता सलमान खान सुप्रसिद्ध गामा पहलवान के जीवन पर एक शो बनाने जा रहे हैं। यह शो अगले कुछ महीनों में बनना शुरू हो जाएगा। यह शो सलमान अपने प्रॉडक्शन हाउस के बैनर तले बना रहे हैं। खबर के मुताबिक, सलमान के भाई सोहेल खान इसमें लीड रोल प्ले करेंगे, जबकि गामा पहलवान के भाई इमाम बख्श के किरदार में टीवी शो साथ निभाना साथिया फेम मोहम्मद नज़ीम नज़र आएंगे।

गौरतलब है कि गामा पहलवान का असली नाम गुलाम मोहम्मद था। अपने पांच दशक लंबे करियर में गामा ने कभी भी पराजय का मुंह नहीं देखा। सलमान के इस प्रॉजेक्ट के बारे में बताया जा रहा है कि इसका बजट काफी भारी-भरकम होगा। छोटे और बड़े पर्दे पर कई बार विलन का किरदार निभाने वाले पुनीत इस्सर इस शो की कहानी लिख रहे हैं और इसे डायरेक्ट करेंगे।अब शो की टीम सभी ऐक्टर्स की डेट्स लेने में जुटी हैं।
बताया जा रहा है कि डेट्स मिलने के बाद इस शो को एक फिल्म की तरह पंजाब में और मुंबई के एक सेट पर तथा लंदन के कुछ स्टेडियम में शूट किया जाएगा। कहा जा रहा है कि पिछले साल पटियाला में इस शो का पायलट एपिसोड शूट किया गया था जिसे चैनल ने काफी पसंद किया।







