भोजपुरी सिनेमा में महिला प्रधान फिल्मों का चलन तेजी से बढ़ रहा है और इस कड़ी में निर्माता प्रदीप सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म “छोटकी दीदी – बड़की दीदी” ने अपनी दस्तक दी है। फिल्म के फर्स्ट लुक में मुख्य अभिनेत्रियां अंजना सिंह और यामिनी सिंह का दमदार अवतार देखने को मिला है, जिसमें दोनों कीचड़ में सनी हुई एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। यह एक महिला प्रधान एक्शन फिल्म है, जिसमें सामाजिक मुद्दों को मार्मिक ढंग से उठाया गया है। फिल्म में रोमांच और इमोशन का अनोखा तालमेल देखने को मिलेगा।
फिल्म के फर्स्ट लुक को लेकर अंजना सिंह ने कहा कि यह बेहद असरदार तस्वीर है, जो फिल्म के एक हिस्से से रूबरू करवाती है। यह फिल्म मेरे लिए बेहद खास है। मेरे किरदार में न सिर्फ भावनात्मक गहराई है, बल्कि समाज के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी है। इस फिल्म के जरिए मैंने अपने अभिनय में नया आयाम जोड़ने की कोशिश की है। वहीँ, यामिनी सिंह ने कहा,यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। इस किरदार ने मुझे भावनात्मक और शारीरिक रूप से चुनौती दी।
फिल्म के निर्माता प्रदीप सिंह ने कहा कि वर्ल्ड वाइड फिल्म प्रोडक्शन प्रस्तुत यह सिनेमा एक गर्व वाला प्रोजेक्ट है। फिल्म न सिर्फ एक मनोरंजक फिल्म है, बल्कि यह समाज में महिलाओं की भूमिका और उनकी मजबूती को रेखांकित करती है। फिल्म का ट्रेलर जल्द ही दर्शकों के बीच पेश किया जाएगा। यह फिल्म समाज के जरूरी मुद्दों को उजागर करेगी।
आपको बता दें कि फिल्म में भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता देव सिंह और अदाकारा अंजना सिंह मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा यामिनी सिंह, संजय पांडेय, अयाज खान, प्रेम दुबे, और रितेश उपाध्याय भी फिल्म में प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म के पीआरओ रंजन सिन्हा हैं।