हल्द्वानी, 25 जून : उत्तराखंड के हल्द्वानी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। मूसलाधार बारिश के कारण उफनती नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद वह पुलिया के नीचे फंस गई। इस हादसे में एक नवजात बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। कार में कुल सात लोग सवार थे, जो उधम सिंह नगर के किच्छा के रहने वाले थे और सुशीला तिवारी अस्पताल से डिलीवरी के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से निकाला, लेकिन तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी। घायलों का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि तेज बहाव के कारण कार बह गई थी।
इधर, शिवालिक पहाड़ियों में रातभर हुई भारी बारिश ने सहारनपुर में तबाही मचाई। मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास से गुजरने वाली नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया, जिससे मैदानी इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग खुला
इस बीच, केदारनाथ यात्रा मार्ग, जो भूस्खलन के कारण सोनप्रयाग के पास सुबह से बंद था, को कड़ी मेहनत के बाद आवागमन के लिए खोल दिया गया। पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज पांडेय ने बताया कि मार्ग पर जेसीबी और कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि भविष्य में कोई रुकावट न आए।
प्रशासन ने ऋषिकेश में राफ्टिंग बंद की
वहीं, मानसून की समय से पहले दस्तक और लगातार बारिश के कारण ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने से राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रशासन ने बारिश के बीच यात्रियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।







